पूरनपुर। मृत व्यक्ति को जिंदा दिखाकर उसकी जमीन बेचने के मामले में पुलिस को सौंपे गए आरोपी की कोतवाली में अचानक हालत बिगड़ गई। सीएचसी से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
क्षेत्र के एक मृत व्यक्ति की जमीन को उसे जिंदा दिखाकर बेच दिया गया था। रविवार को इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई। कोतवाल अशोक कुमार ने पूरे मामले की जांच इंस्पेक्टर क्राइम उमेश कुमार को सौंपी। जांच के दौरान कुछ लोग रविवार सुबह आरोपी को पुलिस को सौंप गए। आरोपी की रविवार शाम 6:00 बजे तबीयत अचानक खराब हो गई। पुलिस उसे बेहोशी की हालत में सीएचसी लाई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अंकित कुमार गंगवार ने बताया कि जांच में ब्लड प्रेशर हाई होने के कारण दौरा पड़ने की बात सामने आई है। पीड़ित को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि आरोपी हिरासत में नहीं था, अपने भाई से कोतवाली में बात कर रहा था, इस दौरान उसकी हालत खराब हुई। संवाद