अमरिया / पीलीभीत। गांव भौनी में चोरों ने दो दुकानों से लाखों का माल चोरी कर लिया। बाद में डाकघर में भी नकब लगाई पर वहां से कुछ ले जा नहीं सके।
गांव भौनी निवासी राजेश रस्तोगी का कस्बे में जनरल स्टोर के साथ ही ज्वेलरी शॉप है। शुक्रवार रात चोर जनरल स्टोर की छत में नकब लगाकर अंदर घुस गए और लाखों का माल चोरी कर लिया, बाद में ज्वेलरी शॉप में घुसे और तिजोरी तोड़ने का असफल प्रयास किया। इसके बाद वे पास में ही स्थित डाकघर की दीवार में नकब लगाकर अंदर घुसे। यहां नकदी और कीमती सामान ढूंढने की कोशिश में सामान बिखेर दिया। शनिवार सुबह जब राजेश रस्तोगी ने दुकान खोली तो चोरी की जानकारी हुई। इधर, डाकघर में भी सामान बिखरा मिला। राजेश ने बताया कि चोर करीब एक लाख की सामान चुरा ले गए है। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
इधर, चोर जिस स्थान पर दीवार में नकब लगाकर दुकान और डाकघर में घुसे, वहां से चंद कदमों की दूरी पर पुलिस की पिकेट भी तैनात रहती है, इसके अलावा लगातार गश्त करने का दावा भी किया जाता है। बावजूद इसके चोरी की घटना ने पुलिस की सक्रियता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।