बिलसंडा / पीलीभीत। जमीन के विवाद में बिलसंडा के गांव शीतलपुर में हरजिंदर सिंह ने पुत्र परमजीत सिंह पर तमंचे से गोली चला दी, जो बीच-बचाव को आई बेटी गुरुमीत कौर को जा लगी। परिवार वालों ने उसे बिलसंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। बाद में पिता खुद ही थाने पहुंच गया और खुद पुलिस के हवाल कर दिया।
परमजीत सिंह ने बताया कि चार माह पहले पिता हरजिंदर सिंह ने उसे घर से अलग कर दिया था। तभी से वह जमीन का बंटवारा करने के लिए कई बार पिता से कह चुका था। मगर वह अनसुना कर देते थे। कई बार जमीन को लेकर पिता से विवाद भी हुआ। मंगलवार को पिता को समझाने के लिए वह बहन बीसलपुर के गांव मुड़िया करोड़ निवासी गुरुमीत कौर को बुलाकर लाया। शाम साढ़े सात बजे जब गुरुमीत कौर ने पिता से भाई को जमीन देने की बात कहीं, तो वह आग बबूला हो गए। गाली गलौज करते हुए 315 बोर का तमंचा निकाल लाए और उस पर तान दिया। गुरुमीत कौर ने भाई को बचाने के लिए तमंचा पकड़ लिया। इसी दौरान गोली चल गई, जो गुरुमीत के दाएं हाथ की हथेली में जा लगी। गोली चलने से घर में चीख पुकार मच गई। घायल गुरुमीत को बिलसंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद आरोपी की कई जगह तलाश की, मगर उसका पता नहीं लग सका। बाद में हरजिंदर खुद ही थाने पहुंच गया और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। एसओ अचल कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर के आधार पर ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।