पीलीभीत। शहर के रामलीला मैदान में पटाखा बाजार लगाया गया था। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे दो दुकानदारों में कहासुनी होने के बाद मारपीट होने लगी। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। एक दरोगा से भी हाथापाई की कई। सूचना पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने मामला शांत तो करा दिया, मगर कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी।
पटाखा बाजार में रात साढ़े नौ बजे दो दुकानदारों में मारपीट हो रही थी। सूचना मिलने पर एक दरोगा वहां पहुंच गया। आरोप है कि बीच बचाव करने वाले को ही दरोगा ने थप्पड़ जड़ दिया। इससे दुकानदारों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने दरोगा से हाथापाई शुरू कर दी। लोग दुकानों में आग लगाने की बात कहने लगे। इससे वहां मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों के हाथ पांव भूल गए। किसी ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों केे दी। इस पर सुनगढ़ी पुलिस पटाखा बाजार पहुंच गई। दुकानदारों ने बताया कि एक दरोगा ने बिना जानकारी के ही बीच बचाव करने आए दुकानदार को थप्पड़ मार दिया था। बाद में सुनगढ़ी इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी ने दुकानदारों से वार्ता करने के बाद मामला शांत कर दिया। हालांकि सुनगढ़ी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई।
000
हाथापाई किसी से नहीं हुई थी। दुकानदारों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामला शांत करा दिया गया था।
- सुनील दत्त, सीओ सिटी