झुलसे युवक से जानकारी लेती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत के बरखेड़ा में सेल्समैन ने शराब उधार देने से मना किया तो युवक ने एक बोतल में पेट्रोल भरा और उसमें आग लगाकर उसे दुकान के अंदर फेंक दिया। इससे सेल्समैन राजीव झुलस गया, दुकान में भी आग लग गई। लोगों ने आग बुझाई। भीड़ ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
बिलसंडा निवासी मीरा जायसवाल की दौलतपुर रोड पर अंग्रेजी शराब की दुकान है। जिस पर बिलसंडा के ही मोहल्ला मदन मोहन कॉलोनी निवासी राजीव कुमार सेल्समैन है। राजीव ने बताया कि शनिवार शाम सात बजे एक युवक शराब का पौव्वा लेने आया था। युवक 110 रुपये दे रहा था जबकि पौवा 140 रुपये का था। उसने 30 रुपये उधार करने को कहा। नहीं मानने पर वह मोबाइल उधार रखने की बात कहने लगा। सेल्समैन ने इससे भी इन्कार कर दिया। तब युवक चला गया।
दस मिनट बाद हाथ में बोतल में पेट्रोल लेकर आया। बोतल में आग लगाकर दुकान के अंदर फेंक दी। इससे दुकान के अंदर आग लग गई। सेल्समैन भी झुलस गया। किसी तरह लोगों ने सेल्समैन को बाहर निकाला और सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक सेल्समैन 20 फीसदी झुलस गया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। सीओ बीसलपुर मनोज यादव ने बताया कि आरोपी शराब का लती है उससे पूछताछ की जा रही है।