पीलीभीत के गांव अड़ौली निवासी मोहम्मद हनीफ (45) का शव चार दिन बाद सोमवार को अमरिया थाना क्षेत्र के गांव भौनी के पास धान के खेत में मिला। शरीर और चेहरे पर चोट के निशान थे। परिवार वाले हत्याकर शव फेंकने की आशंका जता रहे हैं। हनीफ सात अक्तूबर से लापता थे।
जहानाबाद के गांव अड़ौली निवासी रिजवान ने सात अक्तूबर को थाने में अपने पिता मोहम्मद हनीफ की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसमें कहा कि उसके पिता खेतीबाड़ी और मजदूरी करते हैं। सात अक्तूबर को गांव से अमरिया थाना क्षेत्र के गांव करघैना स्थित साप्ताहिक बाजार में साइकिल से गए थे। तभी से लापता हैं। पुलिस और परिवार वालों ने हनीफ की तलाश शुरू की, मगर उनका कहीं पता नहीं चला।
सोमवार सुबह भौनी से अड़ौली को जाने वाली सड़क किनारे गांव भौनी निवासी झम्मनलाल के धान के खेत में कुछ लोगों ने हनीफ का शव पड़ा देखा। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी पर परिवार वाले भी पहुंचे और हत्याकर शव वहां फेंकने की आशंका जताई। हालांकि हत्या की कोई वजह परिवार वाले नहीं बता पा पाए। हनीफ की मौत से उसकी पत्नी सुनबरी, पुत्र इमरान, रिजवान, पुत्री आसकारा, हुस्नारा, चमन और कुलसुम का रोते-रोते बुराहाल है।
कहीं से लाकर डाला गया था सड़क किनारे शव
भौनी गांव के दो युवकों को आठ अक्तूबर को हनीफ की साइकिल मिली थी। जो उन्होंने कबाड़ी को बेच दी। पुलिस ने कबाड़ी की निशानदेही पर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शव का पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश शुक्ला, सीओ सदर