फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जालिम देवर: भाभी को महज इस बात पर पीट-पीटकर मार डाला, सुन लेती पुलिस तो बच सकती थी महिला की जान

Sat, 24 Sep 2022 01:01 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, पीलीभीत

सार

पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मृतका के पति भरत का यह भी कहना है कि कार्रवाई करने के बजाय एक सिपाही गुरुवार को उनके घर आया और बोला कि दूसरा पक्ष स्टे ऑर्डर लेने गया है, इसलिए दीवार बनाना तो दूर उस पर हाथ लगाने तक की मत सोचना। आरोप है कि कारखाने में काम करने वाले मजदूरों ने भी हमला किया।
विज्ञापन
मृतक रमा सैनी का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीलीभीत शहर के मोहल्ला बाग गुलशेर खां में शुक्रवार सुबह सफाई कर्मी रमा सैनी (55) की उनके फुफेरे देवर और उसके परिवार वालों ने पीटकर हत्या कर दी। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चारों लोगों को हिरासत में लिया है।

विज्ञापन


सदर कोतवाली के मोहल्ला बाग गुलशेर खां निवासी भरत सैनी की पत्नी रमा सैनी नगरपालिका में सफाई कर्मी थीं। वार्ड नंबर आठ में उनकी तैनाती थी। भरत का अपने फुफेरे भाई संतोष से खिड़की को लेकर विवाद चल रहा है। भरत का जहां निकास है, वहीं पर संतोष की खिड़की लगी है। भरत पक्ष का आरोप है कि खिड़की से अक्सर कूड़ा उनके दरवाजे पर फेंका जाता है। शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों में इसी के चलते गाली-गलौज हो गई। जिस पर संतोष व उसके परिवार के लोग लाठी-डंडे लेकर आ गए और हमला कर दिया।

इस दौरान सिर पर डंडा लगने से रमा देवी मौके पर ही गिर गईं। परिवार वाले रमा देवी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना में रमा देवी के पुत्र विशेष, विवेक और पुत्र का मोहल्ला थान सिंह निवासी दोस्त राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी पर सीओ सिटी सुनील दत्त, इंस्पेक्टर कोतवाली नरेश त्यागी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

विज्ञापन

दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं, महिला की सिर में गंभीर चोट आने से मौत हुई है। पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। - डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, एएसपी

पुलिस की लापरवाही बनी सफाई कर्मी की मौत की वजह
पीलीभीत। दो पक्षों के विवाद में सिर में डंडा लगने से मारी गईं रमा सैनी के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों ने अंतिम संस्कार नहीं किया। शव को घर में लाकर रख लिया। परिजनों का कहना था कि जब तक सभी आरोपियों को पुलिस जेल नहीं भेज देती तब तक वे अंत्येष्टि नहीं करेंगे। परिजनों का कहना था कि अगर शिकायत पर कोतवाली पुलिस गुरुवार को ही गंभीर हो जाती तो सफाईकर्मी रमा सैनी की जान बच सकती थी।

वारदात की कहानी पति की जुबानी
मृतका रमा सैनी के पति भरत सैनी ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने दूसरे पक्ष की खिड़की के सामने दीवार बनाना शुरू की तो इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया। गुरुवार रात आठ बजे वह एकता सरोवर पुलिस चौकी पहुंच गए, मगर दूसरा पक्ष नहीं आया। चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिस कर्मी भी यहां नहीं मिले। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब कोई नहीं आया तो वह लौट आए। भरत का यह भी कहना है कि कार्रवाई करने के बजाय एक सिपाही गुरुवार को उनके घर आया और बोला कि दूसरा पक्ष स्टे ऑर्डर लेने गया है, इसलिए दीवार बनाना तो दूर उस पर हाथ लगाने तक की मत सोचना। सिपाही उल्टा उन्हें ही हड़का गया। उन्होंने पुलिस पर हमलावरों से साठगांठ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस गुरुवार को ही कार्रवाई कर देती तो पत्नी की जान नहीं जाती। घटना के लिए पुलिस भी काफी हद तक जिम्मेदार है।

लोग बने रहे मूकदर्शक, सड़क पर बहा खून
खिड़की बंद करने को लेकर झगड़ा होने पर दोनों पक्ष घर से निकल आए। रमा व उसके परिजनों को आरोपियों ने अपने घर के बाहर लाकर डंडों से जमकर पीटा। मौके पर आरोपियों के घर के बाहर सड़क पर कई जगह पड़ा खून पूरे मामले का गवाह था। यही नहीं पूरे मामले के दौरान कोई बीचबचाव को नहीं आया।

आरोपियों के घर चल रहा लकड़ी का अवैध कारखाना
भरत सैनी का कहना है कि आरोपियों के घर पर काफी समय से लकड़ी का अवैध कारखाना चल रहा है। इसे आज तक बंद नहीं कराया गया। कारखाने में रखे डंडे (लकड़ी) से ही हमलावरों ने रमा पर वार किया था। इस डंडे को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोप है कि कारखाने में काम करने वाले मजदूरों ने भी हमला किया।
विज्ञापन

सीओ सिटी करेंगे जांच
एसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम मोहल्ला बाग गुलेशर खां में विवाद की जानकारी होने पर संबंधित दरोगा और बीट सिपाही ने मौके पर जाकर काम रुकवा दिया था। सुबह घटना किन परिस्थितियों में हुई, इस की जांच सीओ सिटी सुनील दत्त को दी गई है। संबंधित दरोगा और बीट सिपाही की जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि देर शाम तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें