पीलीभीत। माधोटांडा क्षेत्र के सीमावर्ती गांव गभिया सहराई निवासी मधु सरकार (55) ने बुधवार रात घर में पेड़ पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर मधु की पड़ोसी के साथ मारपीट हो गई थी। घटना के बाद से वह आहत था। भतीजे ने पड़ोसी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मधु सरकार घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी और दो बच्चे 25 साल पहले ही घर छोड़कर कोलकाता चल गए थे। पड़ोस के गांव नौजल्हा में भाई और भतीजे रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह मधु का घर के परिसर में खड़े आम के पेड़ से लटका शव मिला। इसकी जानकारी होने पर भतीजा संजय सरकार मौके पर पहुंच गया। उसने पुलिस को सूचना दी। रमनगरा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। संजय ने पड़ोसी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। जिसमें कहा गया कि दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर पड़ोसी और उसके परिवार वालों से मारपीट हो गई थी। इसके बाद से चाचा मधु सरकार आहत थे। इस बात को लेकर बुधवार रात उन्होंने आत्महत्या कर ली। इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गांव निवासी विष्णु मलिक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।