वसुंधरा कॉलोनी में कार्यालय के बाहर लगा कंपनी का बोर्ड। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। सीबीआई की छापे कार्रवाई से दो दिन पहले वसुंधरा कॉलोनी में दिल्ली के नंबर की गाड़ियां देखी र्गइं थीं। इसके बाद शनिवार रात को सीबीआई ने यहां छापा मारा। माना जा रहा है कि छापे से पहले सीबीआई की टीम पकड़े गए लोगों के आवासों व कार्यालयों को देखने आई थी। जिससे कार्रवाई के दौरान कोई गड़बड़ी न हो सके।
वसुंधरा कॉलोनी में जूनियर इंजीनियर अनिल कुमार शर्मा ने टनकपुर हाईवे से 100 मीटर की दूरी पर किराये के मकान में तीसरी मंजिल पर कार्यालय बनाया है। यहां वायंट्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम का एक छोटा बैनर भी टंगा है। बैनर देखकर कोई नहीं बता सकता कि यह किस कंपनी का है। बैनर ऐसी जगह लगाया गया है जहां से वह साफ दिखता ही नहीं। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि छापे से दो दिन पहले यहां दिल्ली नंबर की दो गाड़ियां देखी गईं थी। तब लोगों को लगा कि किसी के यहां दिल्ली से मेहमान आए होंगे। छापे के बाद माना जा रहा है कि सीबीआई दो दिन पहले ही इंजीनियर के घर को देख गई थी।
कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कार्यालय में सिर्फ अनिल कुमार शर्मा ही आते थे। दो व्यक्ति कभी कभार आते थे। यह दो व्यक्ति कौन है किसी को नहीं पता। इसके अलावा एक कंप्यूटर ऑपरेटर आता था। डेढ़ साल पहले ही यहां कार्यालय बनाया गया था।