बीसलपुर। रुपयों के लेनदेन में मोहल्ला ग्यासपुर के आसिफ की उसके दोस्तों ने ही दो सितंबर को ब्लेड से गला काटकर हत्या की थी। इसके बाद आरोपी बेफिक्र होकर घर में रहने लगे। आसिफ के पिता ने उसी दिन अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शक के आधार पर मोहल्ले के ही तीन युवकों को पकड़ लिया था। जिनसे पूछताछ में खुलासा हुआ। मंगलवार को तीनों को जेल भेज दिया गया।
19 वर्षीय मोहम्मद आसिफ का दो सितंबर को अपहरण हो गया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। 11 सितंबर की रात मोहल्ले के ही तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। कोतवाली में सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों घटना स्वीकार कर ली। गिरफ्तार किए गए मोहल्ला ग्यासपुर निवासी रोहित, आदिल और साबिर ने बताया कि मोहम्मद आसिफ से मजदूरी के रुपयों को लेकर विवाद हो गया था। आसिफ को तीनों लोगों के रुपये देने थे। विवाद बढ़ने पर तीनों ने आसिफ की हत्या करने की योजना बनाई। दो सितंबर को फोन कर आसिफ को घर से बुलाया। इसके बाद उन लोगों ने आसिफ को नशीली गोलियां खिलाईं। बाद में गांव गोवल के पास लेकर जाकर ब्लेड से गर्दन काटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों की निशानदेही पर सोमवार को सुबह आसिफ का शव पुलिस ने बरामद कर लिया। हत्याकांड में प्रयुक्त ब्लेड भी बरामद कर लिया गया है।