पीलीभीत के बीसलपुर इलाके में परिजन को न छोड़े जाने से क्षुब्ध होकर गांव बौनी के युवक अर्जुन ने शुक्रवार को सिपाही विशाल से हाथापाई कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली की चीनी मिल पुलिस चौकी के सिपाही विशाल कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार शाम एक तहरीर में लगाए आरोपों के आधार पर गांव बौनी के एक ग्रामीण को अपने साथ चौकी पर ला रहा था। रास्ते में गांव सफौरा में सिपाही को उस ग्रामीण के परिवार एक युवक अर्जुन मिल गया। युवक ने पुलिस चौकी पर ले जाने का कारण पूछा तो सिपाही ने कहा कि उनके विरुद्ध नामजद तहरीर आई है। इसलिए पूछताछ को उन्हें पुलिस चौकी ले जाया जा रहा है। युवक ने सिपाही से अपने परिजन को छोड़ने को कहा। सिपाही ने मना कर दिया तो कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर युवक ने सिपाही से गालीगलौज की।
उससे हाथापाई कर जान से मारने की धमकी दी और सरकारी काम में व्यवधान डाला। इस बीच मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। सिपाही ने ग्रामीणों की मदद से युवक को पकड़ लिया और फोन कर चौकी से अन्य सिपाहियों को बुला लिया। सिपाही उस युवक को चौकी ले आए। सिपाही विशाल कुमार ने चौकी इंचार्ज शैलेंद्र कुमार और कोतवाल नरेश त्यागी को पूरे मामले की जानकारी दी। कोतवाल ने बताया कि सिपाही विशाल की तहरीर पर गालीगलौज करने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, सरकारी काम में बाधा डालने आदि गंभीर आरोपों में अर्जुन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अर्जुन का चालान भी कर दिया गया।