बीसलपुर। एसडीएम ने एक वर्ष तक वरासत लंबित रखने के आरोप में जसोली दिवाली क्षेत्र के लेखपाल को बुधवार को निलंबित कर दिया है।
गांव जसोली दिवाली निवासी हेमराज ने बताया कि उनके पिता मनोहर लाल का निधन एक वर्ष पूर्व हो गया था। उन्होंने सारी औपचारिकताएं पूरी कर हलका लेखपाल जाहिद अली को प्रार्थना पत्र देकर अपने दिवंगत पिता के नाम की जमीन की वरासत अपने नाम कराने की मांग की। लेखपाल ने अभी तक वरासत दर्ज नहीं की। लेखपाल लगातार मामले को टालता रहा। वरासत दर्ज होती न देख हेमराज ने एक सप्ताह पूर्व एसडीएम राकेश गुप्ता से इस मामले की शिकायत की। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार एपी राय ने मामले की जांच की, जिसमें लेखपाल पर लगा आरोप सही पाया गया। नायब तहसीलदार ने एसडीएम को रिपोर्ट भेजकर लापरवाह लेखपाल को निलंबित करने की संस्तुति की। एसडीएम ने बृहस्पतिवार को लापरवाह लेखपाल को निलंबित कर दिया, जिसकी पुष्टि तहसीलदार जनार्दन ने की है।