पीलीभीत। जालसाजों ने चिटफंड के नाम पर मजदूरों से लाखों रुपये ठग लिए और फरार हो गए। पीड़ितों ने इसकी शिकायत सदर विधायक और डीएम से की है।
शहर के मोहल्ला वशीर खां शेर सिंह ने डीएम और सदर विधायक को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि बल्लभनगर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने चिटफंड कंपनी खोली थी। इसमें लोगों के खाते खोलकर दैनिक रुपये जमा कराते थे। इसमें शेर सिंह और उनके परिचित लोगों ने खाते खुलवाकर रुपये जमा करना शुरू कर दिए। स्कीम के मुताबिक समय पूरा होने पर उन्होंने रुपये मांगे तो कंपनी संचालक टालमटोल करने लगा। ज्यादा दबाव बनाने पर आरोपी ने अपना प्लाट बेचकर रुपये लौटाने का वादा किया था। मगर अभी तक उनके रुपये नहीं लौटाए। इससे पीड़ितों ने सदर विधायक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत करने वालों में राहुल, वेदप्रकाश, नरेश, राजेंद्र, राजेश, बिरजू, शमीम अहमद, नैना कश्यप, शिवम, बाबूराम आदि शामिल हैं।