बीसलपुर। जानवरों का चारा लेकर आ रहे एक छात्र की साइकिल का संतुलन बिगड़ने के कारण वह तालाब में जा गिरा। तालाब में डूबने की वजह से उसकी मौत हो गई।
गांव नगीपुर अखौला निवासी संगम बाजपेई ने बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र राज बाजपेई उर्फ सीटू कक्षा नौ का छात्र है। वह नगर के इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता था। रविवार को सुबह 11 बजे खेत से चारा लेकर घर आ रहा था। चारा साइकिल के कैरियर पर लदा हुआ था। राज साइकिल लेकर रास्ते में स्थित तालाब के किनारे से गुजर रहा था कि तभी साइकिल का संतुलन बिगड़ गया और साइकिल समेत तालाब में जा गिरा। तैरना न आने की वजह से वह चीखने लगा। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर बचाने के लिए पहुंच गए। ग्रामीण उसे जब तक बचाने का प्रयास किया जाता। तब तक वह डूब चुका था। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से डेढ़ घंटे के बाद बालक को तालाब से बाहर निकाल गया। इसके बाद परिवार वाले आनन फानन में एक निजी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। जहां चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से परिवार में चीख पुकार मच गई। बिना पोस्टमार्टम कराए परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।