पूरनपुर। छात्रा से शादी का झांसा देकर ट्रक चालक ने डेढ़ साल तक दुष्कर्म किया। युवती ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी।
माधोटांडा थाना क्षेत्र में रहने वाली बीए की छात्रा की करीब डेढ़ साल पहले मोबाइल पर अमरिया क्षेत्र के ट्रक चालक से बात हुई। नजदीकी बढ़ने पर ट्रक चालक अक्सर छात्रा के कमरे पर आने लगा और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। पढ़ाई पूरी होने पर युवती नगर में किराए का कमरा छोड़कर अपने गांव चली गई, लेकिन मोबाइल पर उसकी ट्रक चालक से बात होती रही। युवती ने बताया कि अक्सर ट्रक चालक फोन कर उसे बुला लेता और ट्रक से बाहर ले जाता। 24 जुलाई को भी ट्रक चालक ने उसे फोन कर बुलाया और दो दिन तक साथ रखकर दुष्कर्म किया। शादी का दबाव बनाने पर ट्रक चालक ने मना कर दिया। शनिवार को ट्रक चालक के क्षेत्र में आने की भनक पर उसने स्कूटी से असम हाईवे पर पहुंचकर ट्रक को ओवरटेक कर स्कूटी ट्रक के आगे खड़ी कर दी। आरोप है कि इस दौरान ट्रक चालक कूद कर भाग गया। रविवार को युवती ने कोतवाली पहुंचकर ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की। इंस्पेक्टर आरके कश्यप ने बताया कि किशोरी की तहरीर पर जांच शुरू की गई है।