पूरनपुर ब्लॉक कार्यालय में धरना देकर प्रदर्शन करती महिलाएं । संवाद
पूरनपुर। संयुक्त किसान मोर्चा और मजदूर संगठनों के राष्ट्रीय आवाहन पर भाकपा (माले) ने लखीमपुर कांड दिवस पर काला दिवस मनाते हुए ब्लाॅक कार्यालय परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति और खंड विकास अधिकारी को संबोधित अलग-अलग दो ज्ञापन खंड विकास अधिकारी बीडीओ अरुन सिंह को सौंपे।
धरना स्थल पर हुई सभा मेंं कहा गया कि लखीमपुर खीरी में किसान नरसंहार हुए दो साल होने के बाद भी किसानों को न्याय नहीं मिला है। किसानों की गुहार के बाद भी सरकार ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त नहीं किया है। पीडि़त किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया। सभा में इसके अलावा पात्रों को आवास सुविधा न मिलने, तमाम विधवा, वृद्धाओं की पेंशन बंद करने पर रोष व्यक्त किया गया।
सभा के बाद राष्ट्रपति और खंड विकास अधिकारी को संबोधित अलग-अलग दो ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपे गए। राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन में किसान नरसंहार कांड के साजिशकर्ता गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त कर जेल भिजवाने, जेल में बंद किसानों को रिहा कराने, घायलों को मुआवजा दिलाने, एमएसपी गारंटी कानून बनाने, आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने, बिजली के बढ़े बिलों को वापस कराने, 300 यूनिट बिजली मुफ्त दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों मेंं अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव अफरोज आलम, देवाशीष राय, देवीदयाल, रामचंद्र वर्मा आदि थे।