पीलीभीत। डीएम पुलकित खरे की अध्यक्षता में मेरा गांव स्वच्छ गांव अभियान और कोविड टीकाकरण से संबंधित समीक्षा की गई।
गांधी सभागार में शनिवार को हुई बैठक में डीएम ने मेरा गांव स्वच्छ गांव अभियान के अंतर्गत नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक गांव में ठोस एवं तरल कूड़े के प्रबंधन के लिए कंपोस्ट पिट का निर्माण किया जाएगा। गांव की नालियों की साफ सफाई के साथ-साथ बड़े नालों की सफाई जेसीबी के माध्यम से कराई जाए। सभी खंड विकास अधिकारी प्रत्येक राजस्व गांव में उक्त कार्य समय से संपन्न कराना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक गांव में जल संचयन के कार्यों में मनरेगा के तहत अधिक से अधिक कार्य कराए जाएं। टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण का प्रतिशत काफी कम है। तीसरी लहर से बचाव के लिए टीकाकरण कराया जाना अति आवश्यक है। इसके लिए एक विशेष योजना तैयार की गई है यह योजना के तहत गांवों को क्लस्टर में विभाजित किया गया है और प्रत्येक क्लस्टर में आठ से 10 गांवो को सम्मिलित किया गया हैं। प्रत्येक कलस्टर में टीकाकरण के लिए तिथियां निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथियों में गांव में विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित तिथि में क्लस्टर के एक गांव में कैंप आयोजित कर लोगों का टीकाकरण कराया जाएगा। प्रत्येक गांव में टीकाकरण की संख्या की सूचना सभी खंड विकास अधिकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेगें। सभी निगरानी समिति के सदस्यों, नव निर्वाचित प्रधानों, कोटेदारों और गांवों के संभ्रांत व्यक्तियों का टीकाकरण प्राथमिकता के आधार पर कराएं। बैठक में सीडीओ प्रशांत कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल, बीएसए चंद्रकेश सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।