संक्रमित के परिजनों से पूछताछ करती स्वास्थ्य टीम। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। जनपद में 18 दिन बाद कोरोना संक्रमण का नया मरीज मिला है। मरौरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव बिथरा गांव निवासी युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। 24 दिसंबर को पत्नी के साथ अस्पताल जाने पर युवक का रैंडम सैंपल लिया गया था। बुधवार देर शाम जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य टीमें अलर्ट हुई। बृहस्पतिवार को सीएमओ के निर्देश पर टीम ने गांव में संक्रमित को होम आइसोलेट कर परिवार के सदस्यों समेत 34 लोगों के सैंपल लिए हैं।
न्यूरिया सीएचसी के अंतर्गत आने वाला गांव बिथरा निवासी युवक अपनी गर्भवती पत्नी को दिखाने सीएचसी पहुंचा था। यहां रैंडम जांच में कोरोना का सैंपल लिया गया था। चार दिन बाद रिपोर्ट आई। इसके बाद युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। जानकारी के बाद विभागीय टीमें अलर्ट हो गई। सीएमओ के निर्देश पर बृहस्पतिवार को न्यूरिया सीएचसी की टीम गांव पहुंची। संक्रमित की स्थिति को परखा गया। सामान्य लक्षण होने पर होम आइसोलेट किया गया।
10 दिसंबर के बाद मिला नया मरीज
जिले में कोरोना की स्थिति फिलहाल सामान्य चल रही है। 10 दिसंबर को बिलसंडा क्षेत्र की एक युवती में कोरोना की पुष्टि हुई थी। सामान्य लक्षण होने पर स्वास्थ्य टीम ने युवती को होम आइसोलेट किया था। इसके बाद कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। अब 18 दिन बाद कोरोना का नया केस मिला है। संक्रमित के लक्षण सामान्य हैं, लेकिन स्वास्थ्य टीम पूरी तरह से जांच पड़ताल कर रही है।
संक्रमित युवक गांव में ही मजदूरी करता है। लक्षण सामान्य होने पर उसे होम आइसोलेट किया गया है। नए स्वरूप जीनोम सिक्वेसिंग का पता लगाने के लिए संक्रमित का सैंपल लिया जाएगा। युवक ने कोरोना वैक्सीनेशन कराया या नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है।- डॉ. आलोक कुमार, सीएमओ