लेखपाल संघ के प्रांतीय आह्वान पर लेखपालों की चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। लेखपाल ने नेहरू पार्क में धरना दिया और मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया। संघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार गंगवार के नेतृत्व में शनिवार को तमाम लेखपालों ने नेहरू पार्क में धरना दिया। धरना स्थल पर हुई सभा में अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर शासनादेश निर्गत न होने तक आरपार की लड़ाई लड़ने का एलान किया गया। बरेली मंडल के खंड मंत्री नीरज राठौर ने लेखपालों से एकजुट रहने का आह्वान किया। सभा में जिला उपाध्यक्ष शाहजहांपुर नरेंद्र यादव, दातागंज तहसील मंत्री श्याम कुमार, तिलहर तहसील मंत्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने भी विचार रखे। यूपी मेडिकल हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष वासुदेव गंगवार व जिलामंत्री नाहिद खान ने प्रतिनिधिमंडल के साथ धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। इस मौके पर जिलामंत्री राधेकृष्ण, सोनपाल राना, सुखलाल, तहसील अध्यक्ष दीपक कुमार सागर, मंत्री अनुराग मिश्रा, ओमकार सिंह, रामस्वरूप, संयुक्त कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष हशमुद्दीन खां, राजेश भारती, रामगोपाल, मुरलीधर गंगवार, रामकुमार, हरीओम मिश्रा, मुकेशचंद, ओमकार समेत जिलेभर के लेखपाल शामिल रहे।