पूरनपुर। धनाराघाट सड़क का निर्माण नगर की ओर से शुरू हो गया है, इससे लोगों को जल्दी राहत महसूस होगी। पहले सड़क का निर्माण हरीपुर जंगल के समीप से शुरू हुआ था, इसका कुछ लोगों ने विरोध कर सड़क का निर्माण नगर की ओर से कराने की मांग की थी।
नगर के माधोटांडा सड़क से शारदा नदी के धनाराघाट की ओर जाने वाली सड़क करीब चार सालों से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। माधोटांडा से लेकर शेरपुरकलां तक आवागमन में लोगों को असुविधा हो रही थी। समस्या पर पीडब्ल्यूडी ने सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेजा।
शासन ने नगर से 10 किलोमीटर दूर तक निर्माण के लिए 35.67 करोड़ रुपये की मंजूरी दी। लोकसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लागू होने से पहले सड़क का निर्माण हरीपुर जंगल के समीप से शुरू कराया गया था। इसका कुछ लोगों ने विरोध किया।
विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि सड़क नगर के समीप अधिक क्षतिग्रस्त है। ऐसे में निर्माण इधर से ही शुरू हो। शनिवार से सड़क का नगर की ओर से निर्माण शुरू किया गया।
..........
करीब चार साल से आवागमन में दिक्कत आ रही है। धूल और मिट्टी दुकानों में पहुंचने से व्यापारी परेशान थे। सड़क का निर्माण शुरू होने से अब राहत मिलेगी।
- रियाज अहमद भूरा, मोहल्ला इंदिरा नगर
.
सड़क से कई गांवों के लोगों, कई स्कूलों के बच्चों का आवागमन होता है। गड्ढों के कारण असुविधा हो रही थी। सड़क का निर्माण शुरू होने से उम्मीद की जा सकती है कि राहत मिलेगी।
- मुकेश यादव, गांव पिपरिया जयभद्र
रियाज अहमद ।
रियाज अहमद ।