पीलीभीत। चार माह से लगातार निर्देश के बाद भी सचिवों ने निर्माणाधीन पंचायत भवनों और सीएससी का भवन पूरा नहीं कराया। लापरवाही पर डीपीआरओ ने नौ सचिवों का दिसंबर माह का वेतन रोकने की कार्रवाई की है। नोटिस जारी कर तीन दिन में साक्ष्यों के साथ जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
पंचायतों में होने वाले कार्यों की अब सीएम डैसबोर्ड पर समीक्षा की जा रही है। इसमें निर्माणाधीन पंचायत भवनों और कॉमन सर्विस सेंटरों की स्थिति को भी देखा जा रहा है। इधर, कुछ पंचायतों में अभी इसका काम पूरा नहीं हो सका है। इसको लेकर लगातार जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से सचिवों को कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं। निर्देशों के बाद भी सचिवों की मनमानी और लापरवाही हाबी बनी हुई है।
इस पर अब डीपीआरओ ने बरखेड़ा ब्लॉक के सचिव राजा तोमर, पवन पटेल, बिलसंडा के हरिसिंह, विवेक वर्मा, मरौरी की आरुषि, बीसलपुर के कमल किशोर, रितेश कुमार शुक्ला, प्रवीण कुमार मौर्या, पूरनपुर के धर्मेंद्र कुमार का माह दिसंबर का वेतन अग्रिम आदेश तक रोका गया है। साथ ही सभी को नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
तय समय मेें जवाब न देने के पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि लगातार चेतावनी के बाद भी सुधार नहीं हो पा रहा था। अब सभी का दिसंबर का वेतन रोक दिया गया है।