पीलीभीत। महंगाई और जीएसटी के खिलाफ शुक्रवार को दोपहर 12 कांग्रेसियों ने जुलूस निकाला। कार्यकर्ता कलक्ट्रेट की ओर जा रहे थे। पुलिस को रोकने पर जब कार्यकर्ता नहीं रुके तो पुलिस ने नकटादाना चौराहे से 20 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अपनी गाड़ी में बिठाकर पुलिस लाइन लाई। मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई के बाद छोड़ दिया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद बढ़ती महंगाई और खाद्यान सामग्री पर जीएसटी हटाने की मांग को लेकर जुलूस निकालने लगे। सूचना पर सीओ सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं को जुलूस निकालने से रोकने का प्रयास किया मगर कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद कांग्रेसी गौहनिया चौराहा होते हुए कलक्ट्रेट की ओर बढ़ने लगे।
पुलिस ने रास्ते में भी रोकने का प्रयास किया मगर कार्यकर्ता नहीं माने। कलक्ट्रेट से पहले नकटादाना चौराहे पर पुलिस ने रोक दिया मगर दस मिनट रुकने के बाद फिर से कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की ओर कूच कर दिया। इस पर पहले पुलिस समझाने का प्रयास करती रही मगर जब कार्यकर्ता नहीं माने। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद पुलिस लाइन ले जाकर सभी को मुचलका पाबंद करने के बाद छोड़ दिया।
कार्यकर्ताओं से ज्यादा दिखे पुलिस कर्मी
महंगाई और जीएसटी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने आम आदमी की मांग को लेकर विरोध जुलूस निकाला हो मगर जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं से ज्यादा पुलिस कर्मी नजर आ रहे थे। पुलिस ने नकटादाना चौराहे पर कार्यकर्ताओं को चारों ओर से घेर लिया था। इसके बाद भी कार्यकर्ता रुके नहीं और कलक्ट्रेट की ओर कूच कर दिया।
इन लोगों की हुई गिरफ्तारी
पूर्व जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा, शहर अध्यक्ष अभिनय गुप्ता गोल्डी, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष युसूफ मलिक, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महासचिव अनवर अनीस, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कुलविंदर सिंह गिल, अनिल अरोड़ा, नरेश शुक्ला, ताहिर सिद्दीकी, इश्तियाक अंसारी, नागेश पाठक, शकील अहमद नूरी, ईश्वर दयाल पासवान समेत बड़ी संख्या में शामिल रहे।
जुलूस निकाल रहे कांग्रेसियों को गाड़ी में भर्ती पुलिस। संवाद- फोटो : PILIBHIT