‘कांग्रेस की टूटी वैशाखी के सहारे चुनाव लड़ रही सपा’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की टूटी वैशाखी के सहारे चुनाव लड़ रही सपा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अगर हकीकत में विकास कराया होता, तो उनको गठबंधन की जरूरत नहीं पड़ती, वह भी उस कांग्रेस से पार्टी जो खुद सालों से अपना वजूद तलाश रही है। रविवार को उन्होंने कस्बे के रामलीला मैदान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार का पूरा कार्यकाल गुंडाराज के नाम रहा। बेरोजगारी भत्ता, इंटरमीडिएट व हाईस्कूल के विद्यार्थियों को लैपटॉप, टैबलेट योजना, गरीबों को पेंशन से लेकर रोजगार के मामले में कोई काम सपा सरकार नहीं कर सकी। यही कारण है कि पांच साल बाद दोबारा चुनाव आने पर अखिलेश को कांग्रेस से गठबंधन करना पड़ा। कहा कि मुजफ्फर नगर व अन्य जगहों पर हुए दंगों के लिए सपा सरकार दोषी है। बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले से सबसे ज्यादा परेशान मायावती रहीं। कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश से गुंडाराज का खात्मा हो जाएगा। भ्रष्टाचार मिटेगा, महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सकेगा। पशु तस्करों पर नकेल कसी जाएगी और किसानों का कर्ज माफ होगा। सभा में उन्होंने सदर विधानसभा प्रत्याशी संजय गंगवार, पूरनपुर के बाबूराम पासवान, बरखेड़ा से किशनलाल राजपूत और बीसलपुर के रामसरन वर्मा के लिए जनता से वोट की अपील की। इस मौके पर पूर्व मंत्री डा. विनोद तिवारी, अजय गोयल, धर्मेंद्र सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार, रत्नेश गंगवार, अजय जायसवाल, आदि मौजूद रहे। जनसभा का संचालन जिला उपाध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र ने किया ।