टेक्निकल टीम ने स्थापित की कंप्यूटराइज्ड मशीनें
सिंचाई विभाग में टेक्निकल टीम द्वारा पानी में नहर के गेज मापने वाले स्थानों पर कंप्यूटराइज्ड मशीनें लगा दी गई है। अब नहर में हर घंटे कितना पानी बढ़ा है और कितना घटा है, इसकी जानकारी हेड पर लगे मास्टर कंप्यूटर से आसानी से पता चल सकेगी। सिंचाई विभाग ने बाइफरकेशन सिंचाई योजना के हरदोई ब्रांच, खीरी ब्रांच, शारदा सागर फीडर के अलावा डैम से निकलने वाली सबसीडरी हरदोई ब्रांच के हेड पर जहां पानी मापने के गेज बने हैं, वहां कंप्यूटराइज्ड मशीनें स्थापित करने के साथ इंटरनेट से जोड़ा जा रहा है। वहीं बाइफरकेशन सिंचाई परियोजना के हेड पर सौर ऊर्जायुक्त मास्टर कंप्यूटर लगाया गया है। अब हर घंटे नहर में कितना पानी बढ़ रहा है व कितना घट रहा हैं हेड पर बैठे कर्मचारी मास्टर कम्प्यूटर के जरिए जान सकेंगे और जिला व प्रदेश मुख्यालय तक कोई भी अधिकारी इंटरनेट के माध्यम से जानकारी कर सकता है। यही नहीं अब बरसात में भी शारदा बैराज से बाढ़ के समय कितना क्यूसेक पानी पास हो रहा है, इसकी जानकारी भी बाइफरकेशन हेड से मिल सकेगी। इससे अब अभियंता भी नहर में पानी घटाने या बढ़ाने का लेकर खेल भी नहीं कर सकेंगे।