बीसलपुर गन्ना समिति में मेले में किसानो की समस्याएं सुनते अधिकारी। संवाद
बीसलपुर। सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में चल रहा 10 दिवसीय गन्ना सट्टा प्रदर्शन मेला शनिवार को समाप्त हो गया है। मेले में 305 शिकायतें आईं।
सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में 12 सितंबर से समिति स्तरीय गन्ना सट्टा प्रदर्शन मेला चल रहा था। मेले में किसानों की सुविधा के लिए सात पटल बनाए गए थे। एक पटल पर किसानों का पंजीकरण हो रहा था। छह पटलों पर किसानों की गन्ना सट्टे से संबंधित शिकायतें पंजीकृत की जा रहीं थी और उनका निस्तारण किया जा रहा था।
मेले में किसान सहकारी चीनी मिल बीसलपुर, बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल बरखेड़ा, डालमिया शुगर मिल निगोही, बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल मकसूदापुर, द्वारिकेश चीनी मिल फरीदपुर और लालित हरि चीनी मिल पीलीभीत के गन्ना अनुभाग के कर्मचारी तैनात थे। शनिवार को अंतिम दिन होने के कारण मेले में किसानों के आने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था, जो दोपहर तक जारी रहा।
मेला गन्ना विकास परिषद के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मनोज कुमार साहू के निर्देशन में चला। संचालन सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव राजेश कुमार ने किया। मेला प्रभारी मनेाज कुमार साहू ने बताया कि मेले में कुल 305 शिकायतें आई। इनमें से 90 फीसदी शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।