खादी एवं ग्रामोद्योेग राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद ने पहले पुलिस लाइन स्थित शूटिंग रेंज का निरीक्षण किया। इसके बाद गांधी सभागार में राज्यमंत्री की अध्यक्षता में रायफल क्लब की बैठक हुई। जिसमें सदस्यों ने क्लब को सक्रिय कराने एवं इसकी व्यवस्थाएं ठीक कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन स्थित शूटिंग रेंज की दीवार ठीक कराकर जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके बाद अगले माह यहां जिला स्तरीय दो दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता कराई जाएगी। इस प्रतियोगिता में कोई भी शस्त्रलाइसेंस धारक प्रतिभाग कर सकता है। समापन के दिन शस्त्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जिसमें जिले भर के शस्त्र धारक अपने शस्त्रों की नुमाइश कर सकेंगे। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता से जिले की प्रतिभाओं को उभरने का मौका मिलेगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता पूर्ण होने के बाद जल्द ही मंडल स्तर की भी प्रतियोगिता कराई जाएगी। डीएम ओएन सिंह ने बताया कि रायफल क्लब की कार्यकारिणी का पुनर्गठन, सदस्यता शुल्क और वाइलाज आदि के निर्धारण के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा। इस मौके पर एसपी जेके शाही, एडीएम आलोक सिंह, एसडीएम सुरेंद्र बहादुर यादव, डीएफओ आदर्श कुमार, क्लब सदस्य राजेंद्र सिंह चौहान, दीपेंद्र चौहान, राकेश सिंह, अब्दुल वसीम, संजय अग्रवाल सहित कई लोग थे।