पूरनपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम के स्टेशन रोड पर एक दुकान पर चेकिंग करने की भनक लगने पर पहुंचे व्यापारी नेताओं ने सैंपलिंग का विरोध कर टीम के सदस्यों को जमकर खरी-खोटी सुनाकर लौटा दिया।
सहायक आयुक्त खाद्य शशांक त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा की टीम ने सोमवार को कोतवाली के थाना चंदोई में मोहम्मद रिजवान की दुकान से रिच मिल्क रस्क का नमूना लिया। कस्बा गजरौला में कंग डेयरी का निरीक्षण किया। प्रगट सिंह के यहां से गाय के दूध का नमूना लिया। नगर के स्टेशन रोड पर एक मिठाई की दुकान में भी जांच की। भनक लगने पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने टीम सदस्यों को घेरकर खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। नाराज व्यापारी नेताओं का कहना था कि जीएसटी के सर्वे से पहले ही व्यापारी डरा हुआ है। अब खाद्य विभाग की टीम नमूने लेकर व्यापारियों को भयभीत कर रही है। भारी हंगामे पर टीम बगैर सैंपल लिए यहां से लौट गई। टीम इसके बाद ब्लॉक रोड पर एक दुकान पर पहुंची। टीम ने यहां थाना खुटार के गांव नवदिया नवाजपुर निवासी मोहम्मद कमर से दूध का नमूना लिया। भनक लगने पर व्यापारी नेता यहां भी पहुंच गए। व्यापारी नेताओं ने टीम सदस्यों को खरी खोटी सुना कर लौटाया। टीम का घेराव करने वालों में प्रांतीय व्यापारी नेता हंसराज गुलाटी, विजयपाल विक्की, नगराध्यक्ष हाजी मोहम्मद जाहिद खां, अवधेश द्विवेदी, रामगोपाल आदि थे। प्रांतीय व्यापारी नेता हंसराज गुलाटी ने कहा कि किसी व्यापारी के प्रतिष्ठान पर चेकिंग नहीं होने दी जाएगी। चेकिंग को आने वाली टीमों को खदेड़ा जाएगा। मगर जो व्यापारी चेकिंग के भय से अपने प्रतिष्ठान बंद करेंगे। व्यापार मंडल छापे में उनका सहयोग नहीं करेगा।