बीसलपुर। एसडीएम के निर्देश पर आपूर्ति निरीक्षक ने तीन गांवों के 70 फर्जी राशनकार्ड मंगलवार को निरस्त कर दिए हैं।
एसडीएम राकेश गुप्ता के संज्ञान में आया कि सनगवां, जसोली दिवाली और बरखेड़ा ताल्लुके पसगवां गावों के 70 अपात्रों ने काफी समय पहले संबंधित अधिकारियों से सांठगांठ कर गलत ढंग से राशनकार्ड बनवा लिए थे। इन कार्ड धारकों के पास शस्त्र लाइसेंस, दो मंजिला मकान, बाइक, चार पहिया वाहन भी हैं। ये लोग पिछले लंबे समय से अवैध रूप से राशन प्राप्त कर रहे थे। एसडीएम के निर्देश पर आपूर्ति निरीक्षक वीके मिश्रा ने पिछले सप्ताह इन गांवों में जाकर जांच पड़ताल की थी, जिसमें शिकायतें बिल्कुल सही पाई गई। आपूर्ति निरीक्षक ने एसडीएम को जांच रिपोर्ट सौंप दी। एसडीएम ने जांच रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद आपूर्ति निरीक्षक को फर्जी राशनकार्ड निरस्त करने के निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देश पर आपूर्ति निरीक्षक ने मंगलवार को इन 70 फर्जी राशनकार्ड निरस्त कर दिए हैं, जिसकी पुष्टि एसडीएम ने की है।