बीसलपुर (पीलीभीत)। बीसलपुर कस्बे के मोहल्ला बख्तावरलाल में शनिवार को बिजली के पोल से गिरकर एक बंदर घायल हो गया था। उद्योग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष राकेश मित्तल ने पशु अस्पताल में फोन कर बंदर के घायल होने की सूचना दी। पशु अस्पताल के कर्मचारियों ने बंदर को अस्पताल लाने कहा। फिर राकेश मित्तल ने वन विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी। उन्होंने पशु अस्पताल के कर्मचारियों से संपर्क करने की बात कहकर टाल दिया। दोनों विभागों की ओर से की गई टालमटोल से गुस्साए व्यापारी नेता ने मुख्यमंत्री कार्यालय के नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कुछ ही देर में पशुपालन और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वनकर्मी घायल बंदर को पशु अस्पताल ले गए। जहां उसका इलाज कराया गया। डिप्टी सीवीओ डॉ. विवेक वर्मा ने बताया कि घायल बंदर का इलाज किया गया है।