शहर में बिजली लाइन ठीक करते बिजली कर्मी । संवाद
पीलीभीत। बिजली कटौती से पूरा शहर परेशान है। शहर अन्य मोहल्ले तो छोड़िए पॉश कॉलोनियां में भी जमकर कटौती हो रही है। हर आधे घंटे में बिजली कट रही है। लोगों का गर्मी में बुरा हाल है। शहर के कई एक मोहल्लों में तो पूरी-पूरी रात उपभोक्ताओं को बिजली ही नहीं मिल पाती। भीषण गर्मी होने के बावजूद भी लोग दिनभर कटौती की मार झेलते रहते है। हाल यह है कि 24 में से दस घंटे भी ठीक से बिजली नहीं मिल पा रही है।
शनिवार को ताजिये निकलने के कारण पूरे दिन बिजली आपूर्ति बंद रखी गई। रात में भी घंटों बिजली कटौती हुई। कई जगह फाल्ट होने की वजह से फीडर बंद कर दिया गया जिससे अन्य मोहल्लों की बिजली भी प्रभावित होती रही। राजाबाग कॉलोनी में पूरी रात बिजली नहीं रही। इसके अलावा कई मोहल्लों में बिजली रही तो काफी लो वोल्टेज रहे। रविवार को शहर के एकतानगर, केजीएन कॉलोनी, अशोक कॉलोनी, बल्लभ नगर, गुरुद्वारे वाली गली, पुरानी तहसील, लाल रोड, शरीफ खां चौराहे के पास, बेनी चौधरी आदि मोहल्लों में जमकर बिजली कटौती हुई। जानकारी मिलने पर कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया।