राष्ट्रीय/राज्य शिक्षक पुरस्कार चयन को लेकर डीआईओएस पर मानक की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया है। एक आवेदनकर्ता शिक्षिका ने मामले की शिकायत डीएम से की। डीएम ने डीआईओएस से इससे जुड़ी जानकारी मांगी है। शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा के आदेश पर जिले से राष्ट्रीय/राज्य शिक्षक पुरस्कार 2016 के लिए वीरांगना अवंती बाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिका अनीता जोशी, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज के ओमप्रकाश वर्मा व ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के सर्वेश गंगवार ने आवेदन किया था। चयन को लेकर डीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जिला चयन समिति का गठन किया गया। इसमें डीआईओएस, डायट प्राचार्य व ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्यामा कुमार को शामिल किया गया। बताते हैं कि पुरस्कार के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्था के एक पुरुष व एक महिला शिक्षक का आवेदन समिति द्वारा अग्रसारित कर राज्य समिति को भेजा जाना चाहिए। आरोप है कि डीआईओएस ने मानकों की अनदेखी कर नियमविरुद्ध तरीके से मात्र एक शिक्षक सर्वेश गंगवार का आवेदन अग्रसारित कर राज्य समिति को भेज दिया। शिक्षिका अनीता जोशी ने इस मामले की शिकायत डीएम से की। डीएम को सौंपे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि डीआईओएस व चयन समिति के श्यामा कुमार ने मिलीभगत के चलते मात्र एक शिक्षक सर्वेश गंगवार का आवेदन अग्रसारित कर राज्य समिति को भेज दिया। नियमानुसार एक पुरुष व एक महिला का आवेदन भेजा जाना चाहिए। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईओएस से चयन संबंधी जानकारी मांगी है। इधर डीआईओएस अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि समिति द्वारा नियमानुसार पात्र का चयन कर राज्य समिति को भेजा गया है। यह पुरस्कार किसी वित्तविहीन संस्था के शिक्षक को नहीं दिया जा सकता है। उक्त शिक्षिका न सिर्फ अपात्र थी बल्कि उसके आवेदन में अभिलेख भी अपूर्ण मिले थे।