पीलीभीत। एसएन इंटर कॉलेज से स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकालकर क्षेत्रवासियों को अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर स्लोगन प्रतियोगिता भी आयोजित भी हुई। रैली का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. जावेद अहमद ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली कॉलेज से आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहा, खकरा पुलिस चौकी, हशमत मियां की मजार, वाले मियां की मजार, बेलों वाला चौराहा, कमल्ले चौराहा, चौक बाजार, सदर कोतवाली, धुनों वाला चौराहा से होते हुए वापस एसएन इंटर कालेज में समाप्त हुई।
रैली के दौरान छात्र-छात्राएं पढ़ेंगे पढ़ाएंगे, उन्नत देश बनाएंगे..., मम्मी पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में जाकर नाम लिखाओ आदि नारे लगा रहे थे। इस मौके पर स्लोगन प्रतियोगिता भी हुई। जिसमें कक्षा 10 की पायल ने प्रथम, कक्षा 10 की अलीना अंसारी ने द्वितीय, कक्षा 12 के क्रिश सहगल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा कक्षा 10 की साबिया, बबली, राखी और मोहम्मद अयान ने सांत्वना पुरस्कार जीते। मंगलवार को प्रार्थना सभा में कॉलेज के प्रधानाचार्य विजेता छात्र व छात्राओं को पुरस्कृत करेंगे।
भगवंतापुर में स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
पूरनपुर। गांव भगवंतापुर में स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। ग्राम प्रधान सतीश गिरि और एआरपी मोहम्मद ताहिर खां ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चे शिक्षा और स्कूल चलो अभियान के विभिन्न नारे लगाते चल रहे थे। रैली गांव की प्रमुख गलियों में घूमकर स्कूल पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में गांव भगवंतापुर के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल के बच्चे शामिल हुए। रैली में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाॅक अध्यक्ष सूर्य प्रकाश गंगवार, राजेश, मुकेश बाबू, नूपर पोंय, शुभम शुक्ला आदि शामिल रहे।