मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार और पूर्व गृह सचिव अवनीश अवस्थी सोमवार शाम को पीलीभीत के पूरनपुर पहुंचे। उन्होंने सिरसा जंगल में बाबा इकोहत्तरनाथ मंदिर पहुंचकर शिव मंदिर के दर्शन किए। मंगलवार को वह बैलहा गांव में उद्योगों के लिए करीब 500 एकड़ जमीन देखने जाएंगे।
गांव बैलहा में जंगल किनारे खाली पड़ी पांच सौ एकड़ से अधिक जमीन कुछ दिन पहले तक राजस्व अभिलेखों में जंगल, झाड़ी के नाम दर्ज थी। कुछ दिन पहले ही उसे राज्य सरकार के नाम दर्ज किया गया है। जिले में 7500 करोड़ रुपये की लागत से निवेश होना है। इसके लिए पिछले महीने जिला मुख्यालय पर समिट का आयोजन किया गया था। इसमें 200 से अधिक निवेशकों ने अपने प्रोजेक्ट रखे थे।
उद्योगों के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। विधायक बाबूराम पासवान ने पूरनपुर क्षेत्र में मेडिसिन हब बनाने की मांग की थी। इसके बाद जमीन की तलाश तेजी से शुरू की गई थी। जमीन को देखने को मुख्यमंत्री के सलाहकार और पूर्व गृह सचिव अवनीश अवस्थी सोमवार शाम को पूरनपुर पर पहुंचे।