बैल्हा गांव पहुंचे मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार अवनीश अवस्थी पूरनपुर क्षेत्र के गांव बैल्हा पहुंचे। वहां पर खाली पड़ी करीब पांच सौ एकड़ जमीन को देखा। प्रशासनिक अधिकारियों से उन्होंने वहां की भौगोलिक स्थिति की जानकारी ली इसके साथ ही ग्रामीणों से संवाद भी किया। जमीन का निरीक्षण करने के बाद वह बरेली की ओर रवाना हो गए।
शारदा नदी पार गांव बैल्हा में कई एकड़ जमीन खाली पड़ी हुई है। उक्त जमीन पर फार्मासिटीकल पार्क बनाने के लिए पूरनपुर के विधायक बाबूराम पासवान ने मुख्यमंत्री से पैरवी की थी। मुख्यमंत्री से हरीझंडी मिलने के बाद प्रशासन ने जमीन की तलाश को शुरू कर दिया। जमीन का धरातलीय निरीक्षण करने के लिए मुख्यमंत्री ने अपने विशेष सलाहकार अवनीश अवस्थी को पूरनपुर भेजा। मंगलवार सुबह वह प्रशासनिक अमले के साथ बैल्हा गांव के लिए रवाना हुए।
बाइपरकेशन के रास्ते वह सीधे पहले कटकवारा गांव पहुंचे। यहां वन्य अफसर और ग्रामीणों से बातचीत कर आगे रवाना हुए। नदी के पास रास्ता खराब होने के कारण उनके काफिले की गाड़िया वहां पर खड़ी हो गईं। उन्होंने पहले पैदल पुल को पार किया और इसके बाद बाइक से सीधे बैल्हा गांव पहुंचे। गांव पहुंचकर आसपास के कई प्रधानों से क्षेत्र के बाबत जानकारी ली। इसके बाद वहां पर खाली पड़ी करीब 12 सौ एकड़ बंजर जमीन को देखा। अभिलेखों को देखने के बाद वह वापस आ गए। गाडी पर सवार होकर बरेली के लिए रवाना हो गए।