टनकपुर हाईवे पर दौड़ रहे जुगाड़ वाहन।संवाद
पीलीभीत। हमारे देश में देसी जुगाड़ का कोई तोड़ नहीं। ऐसा ही मामला बुधवार को टनकपुर हाईवे पर देखने को मिला। हाईवे पर सरपट एक जुगाड़ वाहन दौड़ता दिखाई दिया, जिसने भी देखा वह उसको देखता रह गया और जुगाड़ बनाने वाले की तारीफ करता नजर आया।
बरखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र के गांव शिवनगर के रहने वाले छिद्दमी लाल बाइक मिस्त्री हैं। उन्होंने अपने हुनर से इस वाहन को तैयार किया है। उन्होंने बताया कि इस जुगाड़ में दो मोटरसाइकिलों को जोड़कर बनाया है। इस पर एक बार में 25 क्विंटल तक वजन ढोया जा सकता है। बताया कि जुगाड़ वाहन बनाने में करीब दो साल की कड़ी मेहनत लगी है। वह इसका उपयोग कृषि कार्य के लिए करते हैं।
इतना ही नहीं, गांव में वाहन उपलब्ध न होने पर आपातकालीन स्थिति में इसे लोगों की सेवा में भी लगाते हैं। उन्होंने बताया कि अभी फिलहाल एक मोटरसाइकिल ही इसमें चला रहे हैं। अधिक वजन होने पर दोनों मोटरसाइकिल स्टार्ट कर लेते हैं।
वह बुधवार को अपने परिवार के कुछ लोगों को मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे। वाहन जैसे ही मेडिकल कॉलेज में आकर रुका तो देखने वालों की भीड़ लग गई।