पीलीभीत टाइगर रिजर्व पहुंची इंग्लैंड के चेस्टर जू की टीम। स्रोत - पीटीआर
कलीनगर। जनपद में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए इंग्लैंड के चेस्टर जू की दो सदस्यीय टीम पीलीभीत टाइगर रिजर्व पहुंची। टीम यहां रुककर जंगल से बाहर वन्यजीवों की अधिक चहलकदमी वाले क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों से बातचीत करेगी। इसके अलावा मुहिम में शामिल माला गांव के प्राथमिक विद्यालय का भ्रमण भी करेगी।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघ समेत वन्यजीवों की बढ़ती संख्या के बाद कई तरह की चुनौतियां भी सामने आईं। इसके बाद डब्ल्यूटीआई टीम भी पीटीआर के साथ सहयोग में जुट गई। वन्यजीवों के प्रति आमजन को जागरूक करने के प्रयास शुरू किए गए। इसके चलते डब्ल्यूटीआई के सहयोगी संगठन इंग्लैंड के चेस्टर जू की टीम भी आगे आईं थी।
पिछले साल इंग्लैंड की टीम ने जनपद का भ्रमण कर कई इलाकों की स्थिति को परखा था। इसके साथ ही जागरूकता फैलाने के लिए माला स्थित प्राथमिक विद्यालय में वन्य जीवन पर पाठ्यक्रम शुरू करने की मुहिम शुरू की थी। इसको लेकर शनिवार को चेस्टर जू की दो सदस्यीय टीम दोबारा पीटीआर पहुंची।
टीम में एलेनोर बेले व अलेक्जेंडर थॉमस शामिल हैं। दोनों डब्ल्यूटीआई की टीम के साथ चूका बीच में रुके हैं। चार दिवसीय दौरे के दौरान जनपद में जंगल से बाहर वन्यजीवों के चहलकदमी वाले क्षेत्र का टीम भ्रमण करेगी। इसके अलावा माला के प्राथमिक विद्यालय में मुहिम की स्थिति को भी परखेगी ।
चेस्टर जू की टीम को लेकर डब्ल्यूटीआई के तराई हेड अभिषेक के अलावा मयुख चटर्जी व बायोलॉजिस्ट प्राजंलि भुजबल भी शामिल रहे।