कलीनगर। इंग्लैंड से आई चेस्टर जू की टीम ने रविवार को चूका बीच में डब्ल्यूटीआई की टीम के साथ बैठक की। प्राकृतिक सुंदरता देखने के लिए जंगल सफारी पर निकले सदस्यों को बाघ भी देखने को मिला। सोमवार को टीम माला गांव के प्राथमिक विद्यालय का भ्रमण कर बच्चों से रूबरू होगी।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों समेत वन्यजीवों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए डब्ल्यूटीआई के सहयोगी संगठन इंग्लैंड के चेस्टर जू की टीम भी प्रयास में जुटी है। इसको लेकर शनिवार को चेस्टर जू के सदस्य एलेनोर बेले व अलेक्जेंडर थॉमस पीटीआर पहुंचे थे। चार दिवसीय दौरे पर आए सदस्य चूका बीच में ठहरे।
रविवार को डब्ल्यूटीआई की टीम के साथ बैठक कर मंथन किया गया। इसके बाद सदस्यों ने जंगल सफारी की तो बाघ के दीदार भी हो गए। सोमवार को टीम माला के प्राथमिक विद्यालय का भ्रमण कर वन्यजीव के बिंदु को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मुहिम को परखेगी। बैठक में डब्ल्यूटीआई के तराई हेड अभिषेक, मयुख चटर्जी व बायोलॉजिस्ट प्राजंलि भुजबल भी मौजूद रहे।