पीलीभीत। गांधी स्टेडियम और कलक्ट्रेट रोड पर मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाकर अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। 118 वाहनों का चालान कर अस्पताल संचालकों को भी हिदायत दी गई। ताबड़तोड़ कार्रवाई से सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों में खलबली मच गई।
शहर में अवैध टैक्सी स्टैंड और सड़कों पर पार्किंग से आए दिन बाजार और प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानों और अस्पतालों के बाहर खड़े होने वालों से राहगीरों को भी काफी दिक्कत होती है। राहगीरों की इस मुख्य समस्या और बाजार में लगने वाले जाम की समस्या को अमर उजाला ने 18 जनवरी को प्रमुखता से प्रकाशित कर उठाया था।
डीएम के निर्देश पर मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार के नेतृत्व में एआरटीओ वीरेंद्र सिंह, सीओ सिटी सतीश शुक्ला, सुनगढ़ी इंस्पेक्टर राजीव शर्मा, टीएसआई निर्देश चौहान ने सुनगढ़ी और कोतवाली पुलिस के साथ कलक्ट्रेट रोड पर अतिक्रमण हटवाया। सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों का चालान किया गया। दो स्थानों पर वाहन स्टैंड बनाने के लिए जगह चिह्नित की। इसके बाद गांधी स्टेडियम रोड पर गौहनिया चौराहे से सुनगढ़ी थाने तक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 118 वाहनों का चालान किया गया।
गांधी स्टेडियम रोड पर अस्पताल संचालकों को पार्किंग स्थल बनाने के निर्देश दिए गए। जिससे सड़क किनारे वाहन नहीं खड़े हो सकें। यहां बता दें कि गांधी स्टेडियम रोड पर सड़क के दोनों ओर एंबुलेंस के खड़े रहने से मार्ग काफी संकरा हो जाता है।