पीलीभीत में छठ पूजा पर्व के लिए छत पर गेंहू सुखाती महिलाएं। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। शुक्रवार को नहाय खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत हो गई। रेलवे कॉलोनी में बसे पूर्वांचल के लोगों के घरों में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने सुबह स्नान ध्यान किया। वह 36 घंटे का व्रत रखकर पूजा पाठ करेंगी। वहीं रेलवे कॉलोनी में बने जलाशय में तैयारियां पूरी कर ली गईं। तालाब में साफ पानी भरा गया। 30 अक्तूबर शाम को मुख्य आयोजन होगा।
बरहा स्थित रेलवे कॉलोनी में छठ पूजा का भव्य आयोजन होता है। मझोला व शहर की कृष्णा लोक कॉलोनी के पास भी महत्वपूर्ण आयोजन कर पूर्वांचल की संस्कृति की छटा बिखरती है। यहां कई दिनों से तैयारी चल रहीं हैं। शुक्रवार को आयोजन से जुड़े लोग पूरे दिन तैयारियों में जुट रहे। तालाब के आसपास साफ सफाई की गई। शहर में रेलवे क्रॉसिंग के अलावा बिहार राज्य के रहने वाले लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। वहीं घरों में महिलाएं पर्व की तैयारियों में जुटी रहीं। महिलाओं ने गेहूं को साफ किया और सुखाया। वह इससे पकवान तैयार करेंगी। इसके अलावा चने की दाल, लौकी की सब्जी और भात प्रसाद के रूप में तैयार किया गया। शनिवार को खरना होगा। इस दिन महिलाएं गुड़ की खीर का प्रसाद बनाएंगी और रात को ग्रहण करेंगी। 30 अक्तूबर को मुख्य आयोजन होगा। इस दिन सूर्यास्त के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। व्रती महिलाएं पानी में खड़े होकर अर्घ्य देंगी। 31 अक्तूबर को पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद छठ पूजा का समापन होगा।