पीलीभीत। श्री राधा मनमोहन सेवा ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने शहर में अखंड महानाम हरे राम हरे कृष्ण का संकीर्तन किया।
मोहल्ला तुलाराम स्थित श्री राधा कृपा आश्रय में कार्यक्रम शाम छह बजे से शुरू किया गया। रात 8:30 बजे आरती के बाद सभी समूह में मृदंग, मजीरों आदि के साथ अखंड नाम हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे के उद्घोष के साथ यहां से चावला चौराहे पर पाकड़ नाथ हनुमान मंदिर तक गए।
यहां से जप करते हुए मंडली मोहल्ला साहूकारा में गौर धाम मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, गोपी नाथ जी चौक बाजार होते हुए श्री राधा रमण मंदिर होते हुए खूबचंद्र मंदिर पर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक सिंह गोल्डी ने बताया की यह अखंड नाम जीवन में तमाम विघ्न बाधाओं को दूर करने वाला है।
श्री चैतन्य महाप्रभु ने यह नाम कीर्तन देकर कलयुग में श्रद्धालुओं पर उपकार किया है। इस मौके पर गोकुल मौर्य, शिवम कश्यप, अक्षत चित्रांश, ऋचा सिंह पटेल, निरंजन विश्वास, गोपाल मंडल, शंभू, विप्लव मंडल, शगुन बहल, रोहित राजपूत आदि मौजूद रहे।