बीसलपुर। कोतवाली पुलिस ने किशोरी को बहला फुसलाकर लेजाने के मामले के मुख्य आरोपी का बृहस्पतिवार को चालान कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी को तीन जून को एक युवक बहला-फुसलाकर ले गया था। किशोरी को लेजाने में दंपती का भी सहयोग रहा। किशोरी के पिता ने चार जून को कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट में अमित, उनकी पत्नी, दुर्गेश और उनकी पत्नी को सह आरोपी बनाया गया। बरेली के थाना क्योलड़िया के गांव नकटी नरायनपुर निवासी अमन को मुख्य आरोपी बनाया गया। किशोरी के पिता के बताए गए मोबाइल नंबर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को काफी हड़काया और तत्काल किशोरी को थाने लाने के लिए कहा।
पुलिस के डर से मुख्य आरोपी 11 जून को किशोरी को लेकर कोतवाली आ गया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पुलिस ने मुख्य आरोपी का बृहस्पतिवार को चालान कर दिया। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण करा दिया गया है। अब किशोरी को बयान देने के वास्ते कोर्ट भेजा जाएगा। कोर्ट के आदेशानुसार किशोरी के मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।