वसुंधरा कॉलोनी के इसी घर में रहते थे एनएचएआई के अधिकारी। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। हरिद्वार नेशनल हाईवे के निर्माण में हुए घोटाले की जांच कर रही सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) की टीम ने रविवार की रात को वसुंधरा कॉलोनी में छापा मारा। यहां किराये पर रह रहे एक जेई के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टीम को 77 लाख रुपये मिले। सीबीआई की टीम जेई व एक अन्य युवक को अपने साथ दिल्ली ले गई।
पीलीभीत से होकर गुजर रहे हरिद्वार नेशनल हाईवे का निर्माण मथुरा की एक कंपनी ने कराया था। हाईवे निर्माण में कई अभियंताओं ने घपला किया था। शिकायत पर इसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। इसी मामले में सीबीआई की टीम रविवार रात यहां आई। इससे पहले टीम ने बरेली और उत्तराखंड में भी छापे मारे थे। टीम ने देर रात वसुंधरा कॉलोनी में एक घर में छापा मारा।
बताया जा रहा है कि जिस मकान में सीबीआई की टीम पहुंची, उसमें कार्यदायी संस्था के जेई समेत दो लोग किराये पर रहते हैं। स्थानीय पुलिस सूत्रों के मुताबिक इनके कमरों से टीम ने 77 लाख रुपये और कुछ कागजात भी बरामद किए। सीबीआई की टीम दोनों लोगों को साथ लेकर दिल्ली चली गई। सुबह होने पर लोगों को कार्रवाई का पता चली। शहर में इसकी काफी चर्चा होती रही।
हाईवे के निर्माण में घोटाले की जांच के तहत सीबीआई टीम ने छापा मारा था। पूरा मामला क्या है और कितनी धनराशि बरामद हुई। यह जानकारी नहीं है। - दिनेश कुमार पी., एसपी।