पीलीभीत में जेई के घर सीबीआई का छापा
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत में हरिद्वार नेशनल हाईवे के बरेली-सितारगंज खंड के निर्माण में हुए घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने रविवार रात वसुंधरा कॉलोनी में छापा मारा। यहां किराये पर रह रहे जेई अनिल कुमार शर्मा के मकान की तलाशी में 77 लाख रुपये मिले। सीबीआई की टीम जेई व एक अन्य युवक को अपने साथ दिल्ली ले गई। पीलीभीत के साथ ही मथुरा, गुरुग्राम, नोएडा में मारे गए छापों में कुल 1.54 करोड़ रुपये मिले हैं।
पीलीभीत से होकर गुजर रहे हरिद्वार नेशनल हाईवे का निर्माण मथुरा की वायंट्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था। हाईवे निर्माण में कई अभियंताओं ने घपला किया था। शिकायत पर इसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। इसी मामले में सीबीआई की टीम रविवार रात यहां आई।
इससे पहले टीम ने बरेली और उत्तराखंड में भी छापे मारे थे। बताया जा रहा है कि जिस मकान में सीबीआई की टीम पहुंची, उसमें कार्यदायी संस्था के जेई अनिल कुमार शर्मा समेत दो लोग किराये पर रहते हैं। स्थानीय पुलिस सूत्रों के मुताबिक इनके कमरों से टीम ने 77 लाख रुपये और कुछ कागजात भी बरामद किए।
हाईवे के निर्माण में घोटाले की जांच के तहत सीबीआई टीम ने छापा मारा था। पूरा मामला क्या है और कितनी धनराशि बरामद हुई। यह जानकारी नहीं है।
- दिनेश कुमार पी., एसपी