शहर में की जा रही पानी की पैकिंग पकड़ी
एक ओर शासन के निर्देश पर तेल में खेल पकड़ने का अभियान चल रहा है। वहीं दूसरी और डीएम के निर्देश पर खाद्य विभाग ने पानी के नाम पर चल रहे खेल का पर्दाफाश किया है। खाद्य विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस के पॉलीथिन पाउच पैकिंग की फैक्ट्री पकड़ ली। टीम ने मशीन को सील कर दिया गया है। साथ ही खुला पानी (वॉटर केन) बेचने वाले चार कारोबारियों को भी नोटिस दिया है। शहर कस्बों इन दिनों पानी बेचने का धंधा खूूब फलफूल रहा है। मगर केन में भरकर बेचना जाने वाला पानी कितना शुद्ध है इसकी कोई जांच नहीं होती। डीएम शीतल वर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी वीके वर्मा के नेतृत्व में टीम ने शहर मेें छापेेमारी की पानी सप्लाई करने वालों की जांच की। इसमें किसी भी सप्लायर के पास न तो पानी की जांच के कोई अभिलेख मिले और न ही कोई जांच रिपोर्ट। इस पर उन्होंने सभी को नोटिस जारी किया। वहीं जांच के दौरान मोहल्ला तुलाराम में गंगौत्री जल के नाम से पानी सप्लाई करने वाले कारखाने पर जांच के दौरान टीम को बिना लाइसेंस के पॉलीथिन पाउच में पानी पैक होते मिला। इस पर मशीन को सील कर दिया गया। अभिहीत अधिकारी वीके वर्मा ने बताया कि पानी की पैकिंग के लिए ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैडर्ड एवं आईएसआई से लाइसेंस प्राप्त करना होता है लेकिन कोई लाइसेंस नहीं मिला। इस पर मशीन को सील का नोटिस जारी किया गया है। साथ ही इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।