घुंघचाई। अपने खाते से धनराशि निकालने गई महिला ने बैंक में कैशियर पर अभद्रता करने व पति के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। इस मामले की शिकायत महिला ने थाने में की है। गांव लुकटिहाई निवासी रिंकी देवी ने बताया कि वह क्षेत्र के गांव कबीरपुर कसगंजा स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में खाताधारक है। बृहस्पतिवार को वह अपने बैंक खाते से रुपये निकालने के लिए पहुंची। उसने कैशियर से खाते से रुपये निकालने के लिए कहा। आरोप लगाया कि कैशियर ने रुपये देने से मना कर दिया। इस पर उसने कारण पूछा तो कैशियर आग बबूला हो गया और उसके साथ अभद्रता की। मामले की जानकारी होने पर उसके पति ने बैंक शाखा पहुंचकर विरोध किया। तब कैशियर ने पति के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। इसके बाद दोनों को भगा दिया। पीड़िता ने बताया कि उसने थाने में इस मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, बैंक के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि मारपीट का आरोप गलत है। मामूली विवाद हुआ था, जिसे उन्होंने शांत करा दिया। संवाद