- प्रधान ने डीएम सहित मुख्यमंत्री से की शिकायत
- लेखपाल पर भी लगाया रिश्वत मांगने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बांग्ला उर्फ मित्र सेनपुर की ग्राम प्रधान दबंगों की धमकी से काफी भयभीत हैं, तो वहीं प्रशासन से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से आहत भी। इसको लेकर ग्राम प्रधान ने मुख्यमंत्री सहित जिलाधिकारी से शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि गांव के दबंगों ने तालाब और चकरोड पर कब्जा कर लिया है। कब्जा हटाने की कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
प्रधान पूनम वर्मा पत्नी बृजेश कुमार वर्मा ने मुख्यमंत्री और डीएम को भेजे गए पत्र में कहा है कि गांव के रहने वाले दो लोग काफी दबंग हैं और राजनीतिक प्रभाव वाले हैं। माधोटांडा थाने में कई मामले दर्ज हैं। पत्र में कहा गया है कि उक्त लोगों ने ग्राम पंचायत के गाटा संख्या 238, 247 जो कि तालाब है तथा गाटा संख्या 124 चकरोड पर कब्जा कर रखा है।
इसको लेकर तहसीलदार कलीनगर से अवैध कब्जे की शिकायत की गई थी। कब्जा हटाया गया, जो दोबारा हो गया। आरोप है जब कब्जा हटाने की बात की जाती है तो दबंग धमकी देते हैं। आरोप है कि दबंगों ने कब्जा हटाने की कोशिश करने पर विधायक से कहकर प्रधानी का बस्ता जमा कराने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी है। ग्राम प्रधान ने लेखपाल पर भी कार्रवाई के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है।