पीलीभीत। हत्या की वारदात होने के बाद सील की गई दुकान से आबकारी विभाग ने शराब निकलवा दी है। पुलिस का कहना है कि शराब आबकारी अधिकारी के आदेश पर निकलवाई गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मस्जिद पठानी स्थित शराब की दुकान पर 21 अप्रैल को ईद के दौरान झगड़ा होने पर गैर समुदाय के युवकों ने गौरीशंकर नाम के युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। इससे शहर में तनाव का माहौल हो गया था। कोतवाली पुलिस ने मृतक के भाई राजकुमार की तहरीर पर मोहल्ला फीलखाना के तीन लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
गुस्साए लोगों ने मोहल्ले से शराब की दुकान हटाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने दुकान को सील कर दिया था। बाद में इस दुकान को नॉवल्टी चौराहे के पास स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद आबकारी विभाग और कोतवाली पुलिस ने सील खोलकर दुकान से सारी शराब निकलवा दी। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि आबकारी अधिकारियों के आदेश पर ही दुकान की सील खोलकर शराब निकालवाई गई है।