नौगवां पकड़िया स्थित हीरो बाइक की एजेंसी पर छूट पर मिल रहे वाहन खरीदने के लिए भारी भीड़ जुटी। एजेंसी का गेट बंद होने पर लोगों ने हंगामा भी किया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने जैसे तैसे लोगों को खदेड़कर मामला शांत कराया। बीएस -3 वाहनों की बिक्री पर रोक लगाए जाने पर वाहन एजेंसियों ने भारी छूट देना शुरू कर दिया है। अंतिम दिन शुक्रवार को छूट पर मिल रहे वाहन खरीदने को सुबह से ही शहर के विभिन्न बाइक एजेंसियों पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी जबकि एक दिन पहले ही अधिकांश वाहनों को बेचा जा चुका था। भीड़ अधिक होने पर टनकपुर हाईवे पर नौगवां पकड़िया गांव स्थित हीरो एजेंसी के गेट बंद रखे गए। काफी इंतजार के बाद भी गेट न खोले जाने पर भीड़ उग्र होने लगी। इसकी सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर सुनगढ़ी हरगोविंद सिंह, एसएसआई चंद्र प्रकाश शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों से बातचीत कर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन भीड़ हंगामा करती रही। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से भीड़ को खदेड़ दिया। इसके बाद सिपाहियों को मौके पर तैनात किया गया। इसके अलावा अन्य एजेंसियों पर भी दिन भर वाहनों को खरीदने वाले पहुंचते रहे।