बीसलपुर। नगर में पीलीभीत बस स्टैंड के पास रविवार की रात भूसी भरे ट्रक की चपेट में आकर एक बैलगाड़ी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके एक भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई, दूसरा जख्मी हो गया।
कोतवाली के गांव कासिमपुर निवासी गंगा प्रकाश (48) रविवार रात लगभग 11 बजे चीनी मिल में गन्ना तुलवाने के बाद खाली बैलगाड़ी लेकर गांव जा रहा था। रास्ते में पीलीभीत बस स्टैंड के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार भूसी भरे ट्रक की चपेट में आकर बैलगाड़ी के एक भैंसे की मौत हो गई। हादसे में गंगाप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने घायल को ले जाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इसी बीच सूचना मिलने पर घायल के घरवाले भी आ गए। स्वास्थ्य केंद्र वालों ने मरहम पट्टी करने के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घरवाले घायल को जिला अस्पताल ले जाने की बजाए बरेली के एक निजी अस्पताल में ले गए हैं। हादसा करने के बाद चालक ट्रक को शाहजहांपुर की ओर भगा ले गया। कोतवाली के वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक रणजीत सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। संवाद