पीलीभीत। नहर के पास लड़ रहे दो सांड़ों के बीच एक बुजुर्ग फंस गए और एक सांड़ के पटक देने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में दिखाया गया, जहां चिकित्सक ने जवाब दे दिया। परिजन उन्हें वापस घर ला रहे थे, इसी दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बरगदा के रहने वाले मंगली प्रसाद ने बताया कि गांव के बाहर बीसलपुर ब्रांच नहर गुजर रही है। वहां पर छुट्टा पशुओं का जमावड़ा रहता है। शनिवार सुबह करीब नौ बजे उनके पिता चेतराम मौर्य (82) वहां टहलने के लिए गए।
वहां पर पहले से दो सांड़ लड़ रहे थे। पिता ने बचने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह दोनों सांड़ो के बीच फंस गए। इसी दौरान एक सांड़ ने उन्हें पटक दिया। बाद में ग्रामीणों ने डंडे फटकार कर सांड़ों को भगाया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। पिता को पड़ोस के गांव फूटाकुआं में एक निजी क्लीनिक पर ले जाया गया।
जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर बताकर जवाब दे दिया। जब उनको वापस लाया जा रहा था तो उनकी मौत हो गई।